मुख्यमंत्री फडणवीस ने विधान परिषद की सभी पांचों सीटें जीतने का जताया भरोसा
मुंबई, 18 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को नागपुर में विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की पांचों सीटों पर महायुति की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि महाविकास आघाड़ी में शुरुआत से ही मतभेद और गुटबाजी रही है, जबकि महायुति के सभी घटक दल मिलकर काम कर रहे हैं।
नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान फडणवीस ने विधान परिषद चुनाव की तैयारियों और विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में गठबंधन की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नागपुर में भाजपा, शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) समेत महायुति के सभी सहयोगी दल एकजुट होकर चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। इसके विपरीत, महाविकास आघाड़ी में आपसी तालमेल की कमी दिखाई दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से महायुति के उम्मीदवार सुधाकर कोहले को व्यापक समर्थन मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि बैठक में राज्य सरकार की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी गई है। आगे उम्मीदवार के समर्थन में विभिन्न संगठनों से संवाद किया जाएगा, जिससे कि उन्हें अधिक से अधिक समर्थन मिल सके।
फडणवीस ने बताया कि अमरावती निर्वाचन क्षेत्र में किरण सरनाइक महायुति के उम्मीदवार हैं और भाजपा पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है। वहीं, पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. स्मिता जाधव गठबंधन की उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि महायुति के सभी घटक दल उनके समर्थन में काम कर रहे हैं। कुछ क्षेत्रों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की मजबूत मौजूदगी का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि सुनेत्रा पवार ने बैठक कर कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार में जुटने के निर्देश दिए हैं। शिवसेना ने भी अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।
पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में महायुति के घटक दलों के बीच दोस्ताना मुकाबले के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे गठबंधन के भीतर किसी तरह का मनमुटाव नहीं है। उन्होंने छत्रपति संभाजीनगर निर्वाचन क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि सतीश चव्हाण को शिवसेना और भाजपा का समर्थन प्राप्त है। मंत्री संजय शिरसाट ने भी महायुति के साथ होने की बात स्पष्ट की है। फडणवीस के अनुसार, भाजपा ने पहले दिन से ही चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई नेता या कार्यकर्ता पार्टी के आधिकारिक रुख से अलग बयान देता है, तो उसे पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं माना जाना चाहिए। संबंधित दलों के नेतृत्व को ऐसे मामलों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने गठबंधन के सभी घटक दलों से एकजुट होकर काम करने की अपील की।
फडणवीस ने विश्वास जताया कि बेहतर समन्वय और चुनावी तैयारियों के दम पर महायुति विधान परिषद की सभी पांचों सीटों पर जीत हासिल करेगी।----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

