कॉकरोच जनता पार्टी ने स्वतंत्रता दिवस पर ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू किया
मुंबई, 12 अगस्त (हि.स.)। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट के माध्यम से देशव्यापी ‘स्कूल ठीक करो’ पहल की शुरुआत करने की जानकारी दी है। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति और बेहतर शैक्षणिक बुनियादी ढांचे की आवश्यकता को उजागर करना है।
सीजेपी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने कहा कि इस अभियान का उद्येश्य स्कूलों की गुणवत्ता सुधारना है। सीजेपी ने इस अभियान को ग्रामीण भारत तक पहुंचाते हुए सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है। संगठन के दिपके ने अभिभावकों से अपने क्षेत्र के स्कूलों में उपलब्ध जरूरी सुविधाओं का सोशल ऑडिट करने और सरपंचों से गांवों में शिक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की अधिक जिम्मेदारी उठाने की अपील की। संगठन का कहना है कि अभियान के जरिए छात्रों की समस्याओं, स्कूलों में सुविधाओं की कमी और शिक्षा व्यवस्था की खामियों को सामने लाया जाएगा। सीजेपी सोशल मीडिया के माध्यम से जनहित के मुद्दों को उठाने और युवाओं को शिक्षा, बेरोजगारी तथा शासन-व्यवस्था जैसे विषयों पर चर्चा से जोडऩे का प्रयास कर रहा है।
अभिजीत दिपके ने बताया कि ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर औपचारिक रूप से शुरू किया जाएगा। संगठन का कहना है कि इस पहल के जरिए बुनियादी शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार और छात्रों के लिए बेहतर सीखने का माहौल सुनिश्चित करने के महत्व को रेखांकित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

