सीजेपी अगले महीने शुरू करेगी 'क्या बोलती पब्लिक' अभियान
मुंबई, 06 अगस्त (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने गुरुवार को छत्रपति संभाजीनगर में कहा कि सीजेपी अगले महीने से देशभर में 'क्या बोलती पब्लिक' नाम से एक जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी।
सीजेपी पार्टी की छत्रपति संभाजीनगर में कोर टीम की बैठक के बाद अभिजीत दिपके पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। अभिजीत दिपके ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य देशभर के लोगों से संवाद कर उनकी रोज़मर्रा की समस्याओं, मौजूदा हालात और प्रमुख जनसरोकारों को समझना है। दिपके ने कहा कि पार्टी पूरे भारत का दौरा कर नागरिकों की राय जानेगी और उनके महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि हाल के छात्र आंदोलनों की सबसे बड़ी उपलब्धि पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा रहा है। इन आंदोलनों ने लोगों के बीच भय का माहौल कम किया और नागरिकों को अपनी आवाज़ बुलंद करने का साहस दिया। दिपके ने कहा कि बेरोजग़ारी पार्टी के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेगी। साथ ही उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता बताते हुए आरोप लगाया कि शिक्षा लगातार महंगी और मुनाफ़ा-केंद्रित होती जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को अधिक किफायती और सभी के लिए सुलभ बनाने की दिशा में काम करना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की लगभग 60 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है और हाल ही में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बेरोजग़ार युवाओं ने भाग लिया।
दिपके ने कहा कि सीजेपी डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के आदर्शों तथा भारतीय संविधान की मूल भावना में विश्वास रखती है। उन्होंने मीडिया की विश्वसनीयता बहाल करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का भरोसा मजबूत करने की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया। दिपके ने कहा कि राजनीतिक व्यवस्था, न्यायपालिका, मीडिया और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं में लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है और जवाबदेही तथा निष्पक्षता बहाल करने के लिए व्यापक जन-आंदोलन की आवश्यकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास, प्रवक्ता आशुतोष रंका और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

