जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के लिए सभी विभाग समन्वय से काम करें : मुख्य सचिव
मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने सोमवार को जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना की प्रभावी योजना और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए राज्य के सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी गतिविधियों की सावधानीपूर्वक योजना बनाकर समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की दूसरी बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव अग्रवाल ने बताया कि जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य राज्य में मई-जून 2026 के दौरान सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण के लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षण, गणनाकारों (एन्यूमरेटर) और पर्यवेक्षकों (सुपरवाइजर) की समय पर नियुक्ति, आगे की प्रशिक्षण प्रक्रिया, स्व-गणना तथा प्रत्यक्ष क्षेत्रीय कार्य की तैयारियां की जा रही हैं। इन सभी गतिविधियों को मार्च 2027 तक पूरे राज्य में लागू करने की योजना है।
उन्होंने सभी विभागों को अपने कार्ययोजनाओं को जनगणना की निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप तैयार करने और कार्यों की गति बनाए रखने के निर्देश दिए। जनगणना के दूसरे चरण के लिए अतिरिक्त मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से होमगार्ड, वन विभाग, जिला परिषद और शिक्षक संवर्ग सहित अन्य योग्य कर्मचारियों को गणनाकार एवं पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने संबंधित जिला स्तरीय कार्यालयों को नियुक्ति के लिए पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार कर संबंधित जनगणना चार्ज अधिकारियों-तहसीलदार, मुख्याधिकारी और वार्ड अधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा।
मुख्य सचिव अग्रवाल ने बताया कि भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त के कार्यालय ने 14 अगस्त 2026 की अधिसूचना के माध्यम से जनगणना-2027 के दूसरे चरण में पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों की सूची अधिसूचित की है। यह अधिसूचना 3 सितंबर 2026 को महाराष्ट्र सरकार के राजपत्र में पुन: प्रकाशित की गई है। जनगणना में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए राज्य में स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता अभियान की योजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही राज्य सरकार के कर्मचारियों से स्वयं और अपने परिवार के सदस्यों की गणना सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की जाएगी।
बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव रणजीतसिंह देओल, जनगणना संचालन निदेशालय की निदेशक एवं केंद्र सरकार की संयुक्त सचिव डॉ. निरुपमा जे. डांगे सहित समिति के सदस्य और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जनगणना संचालन निदेशालय की निदेशक एवं केंद्र सरकार की संयुक्त सचिव डॉ. निरुपमा जे. डांगे ने समिति को पहले चरण के कार्यों की समीक्षा, प्रमुख निष्कर्षों तथा जनगणना के दूसरे चरण को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना की जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

