मुंबई में धोखाधड़ी मामले में 21 साल से फरार व्यवसायी गिरफ्तार
मुंबई, 03 अगस्त, (हि.स.)। मुंबई पुलिस ने 9 लाख रुपये की घोखाधड़ी मामले में फरार आरोपित व्यवसायी अवधूत चाफेकर (65) को गिरफ्तार किया है। अवधूत चाफेकर 2005 के एक धोखाधड़ी के मामले में पिछले 21 वर्षों से फरार था।
गिरफ्तारी से बच रहे नासिक के व्यवसायी अवधूत चाफेकर (65)को बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित एक होटल से उस समय दबोचा गया, जब वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिविजऩ-स्ढ्ढक्र) की प्रक्रिया पूरी करने के लिए मुंबई आया था।
असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस संजय गायकवाड़ ने सोमवार को बताया कि चाफेकर के खिलाफ वर्ष 2005 में अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसके बावजूद वह लगातार पुलिस से बचता रहा। जांच में सामने आया कि उसने अपने नाम पर पंजीकृत मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया और दूसरों के पहचान-पत्रों का सहारा लेकर अपनी पहचान छिपाई। इस दौरान वह नासिक में बस गया और इलेक्ट्रिकल मैन्युफैक्चरिंग का कारोबार शुरू कर दिया।
आरोपित की तलाश के दौरान पुलिस ने एसआईआर प्रक्रिया में लगे अधिकारियों से संपर्क कर अनुरोध किया था कि यदि चाफेकर मतदाता रिकॉर्ड के सत्यापन के लिए आए तो तत्काल सूचना दी जाए। जैसे ही वह मतदाता रिकार्ड का सत्यापन करने के लिए मुंबई आया और अधिकारियों के समक्ष उसने अपने दस्तावेज और जानकारी जमा की, अधिकारियों ने आवेदन में दर्ज संपर्क नंबर पुलिस को उपलब्ध कराया।
हालांकि वह नंबर किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत था, फिर भी पुलिस तकनीकी जांच के जरिए उसकी लोकेशन तक पहुंचने में सफल रही और उसे बांद्रा कुर्ला काम्प्लेक्स में स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

