home page

महाराष्ट्र में सूखे और फसल नुकसान का जायजा लेने पहुंची केंद्र की अंतर-मंत्रालयी टीम, 11 अक्टूबर तक करेगी दौरा

 | 

मुंबई, 08 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति और फसल नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्र सरकार की अंतर-मंत्रालयी टीम ने गुरुवार से राज्य का दौरा शुरू कर दिया है। 11 अक्टूबर तक चलने वाले इस दौरे में टीम बारिश की स्थिति, फसल नुकसान, पेयजल उपलब्धता और पशुओं के चारे की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेगी।

मंत्रालय से आज मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव मुक्तानंद अग्रवाल के नेतृत्व में आई टीम में कृषि, जल संसाधन, ग्रामीण विकास, जलापूर्ति, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, पशुपालन, वित्त, नीति आयोग सहित विभिन्न केंद्रीय विभागों के प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारी शामिल हैं।

मुंबई पहुंचने के बाद टीम ने सह्याद्री अतिथिगृह में मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल की मौजूदगी में राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य सचिव ने कम बारिश के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में उत्पन्न जलसंकट, संभावित टैंकर व्यवस्था, किसानों और खेतिहर मजदूरों की समस्याओं, मजदूरों के पलायन की आशंका तथा किसान आत्महत्या के मुद्दे पर केंद्रीय टीम का ध्यान आकर्षित किया। राहत एवं पुनर्वास विभाग की अपर मुख्य सचिव विनीता वेद-सिंघल ने राज्य में बारिश की स्थिति, मौसम पर अल नीनो के प्रभाव और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी दी। कृषि विभाग के सचिव परिमल सिंह और आयुक्त सूरज मंधारे ने जिलेवार फसल नुकसान का ब्यौरा प्रस्तुत किया। पशुपालन विभाग के आयुक्त डॉ. किरण पाटिल ने चारे की मौजूदा स्थिति और आगामी सात महीनों की संभावित स्थिति से अवगत कराया। जलापूर्ति विभाग ने पेयजल उपलब्धता, टैंकरों से जारी आपूर्ति और संभावित टैंकर जरूरत वाले गांवों की जानकारी दी। जल संसाधन, जल संरक्षण, रोजगार गारंटी और ऊर्जा विभागों ने भी मौजूदा स्थिति तथा आगामी सात महीनों की संभावनाओं का आकलन प्रस्तुत किया। बैठक में मिले आंकड़ों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर केंद्रीय टीम ने प्रत्यक्ष निरीक्षण के लिए जिलों और क्षेत्रों का चयन किया। टीम के अलग-अलग समूह राज्य के विभिन्न हिस्सों में जाकर सूखे, फसल नुकसान और जलसंकट की स्थिति का जायजा लेंगे। निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रशासन, विशेषज्ञ और राज्य सरकार के संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे। भौतिक सर्वेक्षण पूरा करने के बाद केंद्रीय टीम 11 अक्टूबर को मुंबई लौटकर राज्य में सूखे की स्थिति और आवश्यक उपायों पर विस्तृत चर्चा करेगी। इस दौरे के आधार पर राज्य में सूखे, फसल नुकसान, जलसंकट और राहत उपायों से जुड़े तथ्य केंद्र सरकार के समक्ष रखे जाएंगे।

बैठक में राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव विकास खडग़े, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार, पर्यावरण विभाग की सचिव जयश्री भोज सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव