home page

नासिक दुष्कर्म मामला: आरोपित के खिलाफ एक और मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 25 मार्च (हि.स.)। नासिक दुष्कर्म मामले में आरोपित अशोक खरात के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है। एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) और नासिक पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित अशोक खरात के खिलाफ हो रही जांच को देखते हुए इस मामले की एक और पीड़िता ने मंगलवार को सहकार वाड़ा पुलिस स्टेशन को संपर्क किया था। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने आरोपित पर नशे की दवा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। इससे पहले आरोपित अशोक खरात के खिलाफ छह मामले दर्ज थे, अब इस मामले को लेकर आरोपित के खिलाफ कुल सात मामले दर्ज हो गए हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह से आरोपित से पूछताछ की जा रही है। यह पूछताछ नरबलि के सिलसिले में की जा रही है।

अशोक खरात के विरुद्ध १७ मार्च को दुष्कर्म का पहला मामला नासिक के सहकार वाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। इसके बाद अशोक खरात को १८ मार्च को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद खरात पर अब तक कुल सात मामले दर्ज किए गए हैं और गहन छानबीन जारी है। अशोक खरात के घर से बरामद पांच दागे गए कारतूस मिलने के बाद अशोक खरात पर नरबलि का शक है, इसलिए इस ऐंगल से भी छानबीन की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव