पुणे में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर हटाने के आरोप में मनसे नेता अमित ठाकरे के खिलाफ मामला दर्ज
मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। पुणे के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर हटाने के आरोप में महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के प्रमुख अमित ठाकरे सहित 25 अन्य मनसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया गया। इस मामले की छानबीन चतुरश्रृंगी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि अमित ठाकरे और उनके समर्थक आज बिना पूर्व अनुमति के कॉलेज के प्रिंसिपल के कार्यालय में दाखिल हुए और प्रिंसिपल के साथ कथित तौर पर बदतमीजी की तथा उन्हें धमकी दी और कार्यालय में लगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फोटो को हटा दिया था। इससे मौके पर तनाव फैल गया था। इसके बाद कॉलेज की प्रिंसिपल की शिकायत पर अमित ठाकरे व अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की छानबीन जारी है। अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
मनसे पदाधिकारी ने बताया कि अमित ठाकरे सोमवार को पुणे दौरे पर थे। वे शिवाजीनगर स्थित सरकारी तकनीकी कॉलेज में छात्रों की समस्याएं जानने पहुंचे थे। इस दौरान छात्रों ने हॉस्टल में साफ-सफाई की कमी और कैंटीन में खराब भोजन की शिकायत की। कैंटीन के निरीक्षण के दौरान अमित ठाकरे को कथित तौर पर सड़े हुए प्याज मिले। इसके बाद वे इन प्याजों को लेकर मनसे कार्यकर्ताओं के साथ प्रिंसिपल के केबिन में पहुंच गए। प्रिंसिपल के कमरे में छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगी हुई थी। अमित ठाकरे ने इस तस्वीर को हटा दिया था।
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजेंद्र काशीराम पाटिल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि अमित ठाकरे बिना पूर्व अनुमति के कॉलेज परिसर में आए थे। उन्होंने मेस और टॉयलेट की स्थिति के बारे में जानकारी ली और बाद में कार्यालय में प्रवेश किया। प्रिंसिपल ने यह भी आरोप लगाया कि अमित ठाकरे ने चेतावनी दी कि यदि आठ दिनों के भीतर छात्रों की मांगें पूरी नहीं की गईं, तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

