home page

'लापता लेडीज़' के एक्टर के साथ मारपीट के मामले में फिल्म डायरेक्टर और उनकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 21 अगस्त (हि.स.)। फिल्म डायरेक्टर पुष्पेंद्र रामलखन सिंह और उनकी पत्नी प्रगति चौहान के खिलाफ 'लापता लेडीज़' फिल्म के एक्टर सतेंद्र सोनी के साथ कथित मारपीट करने का मामला शुक्रवार को ओशिवरा पुलिस स्टेशन दर्ज में किया गया है। इस मामले की छानबीन ओशिवरा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला सोनी द्वारा आने वाली फिल्म 'पेड पालकी' के मेकर्स पर लगाए गए आरोपों के बाद दर्ज किया गया है। इस फिल्म को सिंह डायरेक्ट और प्रोड्यूस कर रहे हैं। सोनी ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में शूटिंग शेड्यूल का एक बड़ा हिस्सा पूरा करने के बावजूद उन्हें उनकी पूरी फीस नहीं दी गई। उन्होंने दावा किया है कि उन्हें एडवांस के तौर पर 50,000 रुपये दिए गए थे, जबकि बाकी रकम शूटिंग के दौरान दी जानी थी। सोनी के अनुसार जब उन्होंने अपनी बकाया पेमेंट के लिए फिल्ममेकर्स से बात की, तो कथित तौर पर उनकी शूटिंग रोक दी गई और उन्हें 10 मिनट के अंदर होटल का कमरा खाली करने के लिए कहा गया। सोनी ने कहा कि सिंह और चौहान ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जबरदस्ती कार में धकेल दिया, जिससे उन्हें ऐसा लगा जैसे उनका अपहरण किया जा रहा हो। इस मामले की छानबीन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव