महाराष्ट्र के रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर 8 छात्रों की डूबने से मौत मामले में 5 पर केस दर्ज
मुंबई, 22 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिवेआगर बीच पर आठ छात्रों की डूबने से हुई मौत के पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
घटना के 18 दिन बाद गुरुवार को ‘विनर्स एकेडमी’ के पांच लोगों के खिलाफ दिघी सागरी पुलिस स्टेशन की टीम ने मामला दर्ज कर इसकी गहन छानबीन शुरू कर दी है, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुणे जिले के आलंदी स्थित ‘विनर्स एकेडमी’ के पांच लोगों के खिलाफ कथित लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि छात्रों को बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के समुद्र में उतरने दिया गया था। आरोपितों में एकेडमी के फाउंडिंग टीचर अमर गोटीराम अडक, मृणाल सुरेश नरखेड़े, सबा महबूब इनामदार, शिल्पा अमर अडक और वैष्णवी मृणाल नरखेड़े शामिल हैं। सभी आरोपित आलंदी देवाची, तहसील खेड़, जिला पुणे के निवासी हैं। इस मामले में खेड़ तहसील के केलगांव निवासी युवराज बबनराव वाहिले (42) ने दिघी सागरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, एकेडमी की ओर से 11वीं कक्षा के छात्रों को रायगढ़ किला और श्रीवर्धन बीच घुमाने ले जाने की बात कही गई थी। लेकिन यात्रा की पहले से कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई थी। रायगढ़ किले का रोपवे बंद होने के बावजूद छात्रों को पैसे लेकर पैदल किले तक ले जाया गया। इसके बाद छात्रों को निर्धारित श्रीवर्धन बीच के बजाय दिवेआगर बीच के एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आयोजकों को पता था कि छात्र तैरना नहीं जानते, फिर भी उन्हें समुद्र के पानी में खेलने की अनुमति दी गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि छात्रों को समुद्र में उतरने से पहले आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके बावजूद उन्हें पानी में जाने दिया गया और आरोपी भी समुद्र में उतर गए। समुद्र की स्थिति और पानी की गहराई का पर्याप्त आकलन नहीं होने के कारण बड़ा हादसा हो गया। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

