भिवंडी बिल्डिंग हादसा मामले में बिल्डर और कांट्रैक्टर के विरुद्ध मामला दर्ज
मुंबई, 01 अगस्त(हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर के गंगारामवाड़ी इलाके में कोहिनूर बिल्डिंग हादसे में बिल्डिंग के मालिक और रिपेयर का काम करने वाले ठेकेदार के खिलाफ नगर निगम की शिकायत पर बीती रात भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई थी और तीन लोग घायल हुए थे। भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले की गहन छानबीन कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात को कोहिनूर बिल्डिंग के मालिक बिलाल अहमद अबूबकर खान ठेकेदार अशोक के साथ मिलकर चोरी से मरम्मत काम कर रहे थे जबकि भिवंडी नगर निगम ने इस बिल्डिंग को खतरनाक घोषित कर दो बार नोटिस जारी किया था। साथ ही नगर निगम ने बिल्डिंग को खाली भी करवा दिया था। इस मामले की शिकायत दर्ज करवाने वाले भिवंडी नगर निगम के अधिकारी फैजल टाटली ने अपनी शिकायत में कहा है कि बिल्डर और ठेकेदार चोरी से बिल्डिंग के भूतल मजले पर पिलर का काम कर रहे थे। इसी दौरान बिल्डिंग ढह गई और इस घटना में दस लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। अभी तक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

