home page

नासिक में आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने वाले 65 लोगों पर मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 28 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक जिले में दुष्कर्म मामले की पीडि़त महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले 65 लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों की गहन छानबीन पुलिस कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि नासिक दुष्कर्म मामला दर्ज होने के बाद मामले के आरोपित को १८ मार्च को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद कई पीडि़त महिलाओं ने नासिक जिले के सहकार वाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करना शुरु किया है। साथ ही पीडि़त महिलाओं के अश्लील फोटो सोशल मीडिया के फेसबुक और इंस्ट्राग्राम पर पोस्ट होने लगे थे। इसी वजह से 65 लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए हैं।

यह कार्रवाई उन विवादित और अनुचित वीडियो के बड़े पैमाने पर शेयर किए जाने के जवाब में की गई है, जो हाल ही में पूरे इलाके में वायरल हो गए थे। पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय संयम और जिम्मेदारी बरतने का आग्रह किया है। पुलिस ने विशेष रूप से जनता से अपील की है कि वे ऐसी सामग्री को आगे न बढ़ाएं (फॉरवर्ड न करें), अपलोड न करें, और न ही उससे जुड़ें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक दुष्कर्म मामले की पीडि़त महिलाओं के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर गहरी चिंता जताई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इस तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिया था। इसके एक दिन में ६५ लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। इन मामलों की छानबीन जारी है, अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव