home page

सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन, आदित्य-अमित ठाकरे समेत 300 लोगों पर केस

 | 
सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन, आदित्य-अमित ठाकरे समेत 300 लोगों पर केस


मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में सोमवार को शिवसेना (यूबीटी) के आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अमित ठाकरे समेत करीब 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सोमवार को भी शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को शिवाजी पार्क में काक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान पुलिस ने करीब 300 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। इसके बाद मनसे के अमित ठाकरे, यशवंत किल्लेदार, नितिन सरदेसाई और संदीप देशपांडे तथा शिवसेना (यूबीटी) के आदित्य ठाकरे, तेजस ठाकरे समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी लोगों को रिहा कर दिया था।

हालांकि, सोमवार सुबह शिवाजी पार्क पुलिस ने शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के पदाधिकारियों समेत करीब 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

इधर, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मनसे की ओर से सोमवार को शिवाजी पार्क में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाना है। इसकी शुरुआत पार्टी प्रमुख राज ठाकरे करेंगे। वहीं, सीजेपी ने भी शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इसे देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव