रायगढ़ जिले में बेकाबू कार दुकान में घुसी, तीन की मौत
मुंबई, 07 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के नवी मुंबई मेंस्थित तलोजा इलाके में मंगलवार को दोपहर एक तेज़ रफ़्तार कार सडक़ किनारे एक दुकान में घुस गई, जिससे मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों काे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की छानबीन तलोजा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलोजा इलाके में आज दोपहर एक अनियंत्रित कार आस-पास की कई गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद दुकान में घुस गई, जिससे दुकान में मौजूद तीन लोगों की मौत हो गई तबकि अन्य ८ लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ लोगों की हालत नाजुक है, इसलिए मृतकों की संख्या बढऩे की संभावना है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा शुरू कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आगे की जांच चल रही है। मौके पर मृतकों और घायलों की पहचान का काम जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

