बांद्रा में अनियंत्रित कार ने 8 साल के बच्चे को कुचला, बच्चे की मौत
मुंबई, 30 अगस्त (हि.स.)। बांद्रा पश्चिम के जीजामाता गार्डेन के पास रविवार को एक तेज़ रफ़्तार इनोवा कार ने आठ साल के बच्चे को कुचल दिया। इस घटना में बच्चे की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। इस मामले में बांद्रा पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की गहन छानबीन बांद्रा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार दोपहर 8 साल का अंश गुप्ता बांद्रा वेस्ट में जीजामाता गार्डन के सामने सडक़ पार कर रहा था। इसी दौरान आरोपित महिला ड्राइवर मेघा रावल अपने मोबाइल फोन पर बात करते हुए इनोवा क्रिस्टा कार चला रही थी। मोबाइल फोन पर बात करते-करते मेघा ने अंश को कार से ज़ोर से टक्कर मार दी और उसके ऊपर से गाड़ी चढ़ा दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अंश को इलाज के लिए होली फैमिली हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

