नवी मुंबई में पारसिक हिल से तेज रफ्तार कार रेलवे ट्रैक पर गिरने से एक युवक घायल
मुंबई, 24 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के नवी मुंबई के बेलापुर में सिडको कार्यालय से सटी पारसिक हिल पहाड़ी से गुरुवार को दोपहर में एक तेज रफ्तार कार नीचे रेलवे ट्रैक पर गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही नवी मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरु कर दिया है। इस घटना से पनवेल -उरन रेलवे सेवा बाधित हो गई है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर में एक युवक पारसिक हिल के पास तेज रफ्तार कार चला रहा था। अचानक कार अनियंत्रित होकर पारसिक हिल पुल से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर गई। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। संयोग से जिस समय यह घटना हुई , उस समय कोई लोकल गाड़ी घटनास्थल से गुजर नहीं रही थी। मौके पर पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को रेलवे पटरी से हटा दिया है। जिससे करीब दो घंटे से अधिक समय तक बाधित पनवेल-उरन लोकल सेवा फिर से शुरु कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

