जालना जिले में कुएं में कार गिरने से दो महिलाओं की मौत
मुंबई, 08 अगस्त (हि.स.)। जालना जिले के भोकरदन तहसील में पारध-पद्मावती रोड पर बीती रात कुएं में गिरी एक कार को शनिवार को भारी मशक्कत के बाद कुएं से निकाला गया, लेकिन कार में सफर कर रही दो महिलाओं की मौत हो गई। पारध पुलिस स्टेशन की टीम ने दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना की जांच जारी है।
पारध पुलिस स्टेशन के सहायक निरीक्षक संतोष माने ने बताया कि बीती रात अख्तर बेगम अमान उल्लाह खान और सुल्ताना बी. बेगम कार से जालना की ओर लौट रही थीं लेकिन पारध-पद्मावती रोड पर भोकददन इलाके में एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने कार को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार चालक ने वाहन को सड़क के किनारे किया लेकिन इसी दौरान कार का नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने गहरे कुएं में जा गिरी। इस घटना में कार चालक का दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे वह कुएं में गिरने से बच गया जबकि कार में अख्तर बेगम और सुल्ताना बेगम फंस गईं। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि, रात का अंधेरा, कुएं में पानी की अधिक गहराई और पर्याप्त बचाव उपकरण उपलब्ध नहीं होने के कारण अभियान में काफी मुश्किलें आईं। आज सुबह कुएं में से कार निकालने के लिए स्कूबा डाइवर्स की टीम को मौके पर बुलाया गया। गोताखोरों की मदद से कार की स्थिति का पता लगाया गया और उसे बाहर निकालने का अभियान तेज किया गया। करीब 12 से 13 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद कार को कुएं से बाहर निकाला गया।
कार बाहर निकाले जाने के बाद उसमें फंसी अख्तर बेगम अमान उल्लाह खान का शव बरामद किया गया। हादसे में घायल सुल्ताना बी. बेगम को आगे के उपचार के लिए बुलढाणा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। इन दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की छानबीन जारी है। बचाव अभियान में हुई देरी को लेकर स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के आपातकालीन इंतजामों के प्रति नाराजगी है। लोगों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए पर्याप्त आधुनिक बचाव उपकरण और प्रशिक्षित टीम की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

