home page

कनाडा के लिए महाराष्ट्र में निवेश के अनेक अवसर: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

 | 

मुंबई, 01 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को मुंबई में कहा कि कनाडा के लिए महाराष्ट्र में निवेश के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कनाडा की शैक्षणिक संस्थाओं और उद्यमियों को महाराष्ट्र में निवेश करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई स्थित ताज पॅलेस हॉटेल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम कनाडा के राष्ट्रीय राजस्व मंत्री फ्रँकोइस-फिलिप शॅम्पेन, न्यू ब्रन्सविक की प्रीमियर सुसान होल्ट तथा कनाडाई शिष्टमंडल के सम्मान में आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि विश्व आज पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती का सामना करते हुए विकास करने की स्थिति में है। महाराष्ट्र भी जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। महाराष्ट्र की लगभग 60 प्रतिशत जनसंख्या 27 वर्ष से कम आयु की है। राज्य से बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए कनाडा जाते हैं। इसलिए कनाडा के विश्वविद्यालयों को नवी मुंबई की ‘एज्युसिटी’ में अपने शैक्षणिक परिसर स्थापित करने चाहिए। कनाडा कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आधुनिक प्रौद्योगिकी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उसी तर्ज पर महाराष्ट्र सरकार डेटा सेंटर, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में सक्रिय है।

इस अवसर पर मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन ने भारत और कनाडा के बीच ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए भविष्य में भी सहयोग और मजबूत होने का विश्वास व्यक्त किया। प्रीमियर सुसान होल्ट ने महाराष्ट्र और न्यू ब्रन्सविक के बीच सहयोग पर प्रकाश डाला।

उद्योग विभाग के सचिव पी. अन्बलगन ने राज्य की औद्योगिक नीति और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ पर प्रस्तुति दी। एमएमआरडीए के अतिरिक्त महानगर आयुक्त विक्रम कुमार ने मुंबई महानगर क्षेत्र में चल रही अधोसंरचना परियोजनाओं की जानकारी दी। सिडको के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एज्युसिटी, मेडिसिटी, एरोसिटी और खारघर स्थित अंतरराष्ट्रीय व्यापार केंद्र पर प्रस्तुति दी। अपर मुख्य सचिव वेणुगोपाल रेड्डी ने विदेशी विश्वविद्यालयों के लिए विकसित की जा रही अधोसंरचना तथा राज्य में उच्च शिक्षा की स्थिति पर जानकारी दी।

इस अवसर पर राजशिष्टाचार मंत्री जयकुमार रावल, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, मुंबई नगर निगम के आयुक्त भूषण गगराणी, सिडको के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल, मुख्यमंत्री के निवेश सलाहकार कौस्तुभ धवसे, उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव वेणुगोपाल रेड्डी, उद्योग विभाग के सचिव पी अन्बळगण सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव