नंदूरबार में एसटी बस ने दो को कुचला, एक की मौत एक घायल
मुंबई, 11 अप्रैल (हि.स.)। नंदुरबार जिले के नवापुर बस स्टेशन पर शनिवार को एक एसटी बस ने दो यात्रियों को कुचल दिया। इस घटना में एक यात्री की मौत हो गई , जबकि एक घायल यात्री का इलाज जिला उप अस्पताल में हो रहा है। इस मामले की छानबीन नवापुर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि नंदुरबार जिले के नवापुर बस स्टेशन पर दो महिलाएं बस का इंतजार करते हुए प्लेटफार्म पर बैठीं थीं। इसी दौरान शहादा से सूरत जाने वाली बस को ड्राईवर व वाहक पार्क कर रहे थे। पार्क करतेसमय एसटी बस को रिवर्स लेने का प्रयास बस के चालक और वाहक कर रहे थे, तभी बस ने प्लेटफार्म पर इंतजार कर रही दोनों महिलाओं को कुचल दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही नवापुर पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और इस घटना में घायल दोनों महिलाओं को तत्काल जिला उप अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने 50 साल की महिला कमुबाई गोथारिया गावित को मृत घोषित कर दिया , जबकि 15 साल की नीतिक्षा वलवी का इलाज जारी है। इस घटना में पुलिस ने बस के चालक और वाहक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

