बुलढ़ाणा में पिकअप पलटने से दो की मौत, 23 घायल
मुंबई, 29 मार्च (हि.स.)। बुलढाणा जिले के मेहकर तहसील में नांदा फाटा के पास रविवार सुबह एक पिकअप वाहन पलट जाने से 2 लोगों की मौत हो गई और 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज मेहकर ग्रामीण अस्पताल में हो रहा है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह लातूर जिले के अहमदनगर निवासी बुलढाणा जिला स्थित सैलानी बाबा का दर्शन करने पिकअप वाहन से जा रहे थे। पिकअप वाहन जैसे ही मेहकर के नांदा फाटा के पास पहुंचा, अचानक बस चालक को झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल मेहकर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती करवाया है। घटना में दोनों युवकों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उनकी पहचान अरमान शरीफ बागवान (16) और रिहान सैदू बागवान (17) के रुप में की गई है। इस घटना की छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

