बुलढाणा में ट्रक और कार की टक्कर में दो की मौत, कार से 27 किलो गांजा बरामद
मुंबई, 01 नवंबर (हि.स.)। बुलढाणा जिले के खामगांव में मुंबई-नागपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को एक ट्रक और कार के बीच हुई टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद जब पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो उसमें से 27 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है। इस घटना की छानबीन खामगांव पुलिस कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतकों की पहचान परभणी निवासी सतीश सखाराम जाधव और सैयद फिरोज सैयद महमूद के रूप में हुई है। दुर्घटनाग्रस्त कार की जांच के दौरान 27 किलो गांजा बरामद हुआ है। जिसकी कीमत 14 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा सहित कार को भी अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ गांजे की तस्करी और उसके परिवहन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

