home page

मुंबई प्रेस क्लब में जहरीली गैस से भरे विस्फोटक लगाने की झूठी धमकी से अफरा तफरी

 | 

मुंबई, 20 मार्च (हि.स.)। मुंबई प्रेस क्लब के अंदर कई ज़हरीली गैस से भरे विस्फोटक उपकरण लगाए जाने की झूठी धमकी से शुक्रवार को यहां अफरातफरी मच गई।

धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने प्रेस क्लब की गहन छानबीन की, लेकिन कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र साइबर पुलिस धमकी भेजने के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह मुंबई प्रेस रुम के ईमेल पर धमकी भरा मैसेज मिला था। इस ईमेल में मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम नीरजा अजमल खान बताया । मैसेज में कहा गया था कि प्रेस क्लब की इमारत के अंदर ज़हरीली गैस वाले कई छोटे बम रखे गए हैं और वे शुक्रवार को दोपहर में फट जाएँगे। इसकी सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने प्रेस क्लब को तत्काल खाली करवा दिया और तलाशी अभियान शुरु किया गया। गहन तलाशी अभियान के बाद यहां कुछ नहीं मिला, इसके बाद मुंबई पुलिस ने राहत की सांस ली। मुंबई पुलिस और साइबर पुलिस मैसेज भेजने वाले का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव