home page

सिंधुदुर्ग में मछली पकड़ने वाली नाव पलटी, दो की मौत

 | 

मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के मालवन में सिंधुदुर्ग किले के पास मंगलवार को तेज लहरों की चपेट में आने से मछली पकड़ने वाली एक नाव पलट गई। इस घटना में नाव पर सवार दो मछुआरों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक को पास से गुजर रही दूसरी नाव में सवार मछुआरों ने सुरक्षित बचा लिया। इस घटना की छानबीन मालवन पुलिस कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह तीनों लोग मछली पकडऩे वाली नाव से सिंधुदुर्ग किले के पास समुद्र में गए थे। नाव चट्टानी इलाके के पास पहुंची ही थी कि अचानक उठी तेज लहर की वजह से वह पलट गई। नाव में सवार तीनों लोग समुद्र में गिर गए। इस घटना के दौरान पास की एक अन्य नाव में मौजूद मछुआरों ने सुयोग परब को पानी में अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते देखा। उन्होंने तुरंत उसे समुद्र से बाहर निकाला। जबकि मछली मारने गए सनमेश परब (49) और अक्षय राणे (30) समुद्र में डूब गए। काफी देर बाद मछुआरों ने इन दोनों का शव बरामद किया और पुलिस ने दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना की छानबीन की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव