प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर लोकभवन में रक्तदान शिविर
मुंबई, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर महाराष्ट्र सरकार की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को महाराष्ट्र लोकभवन में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने किया।
रक्तदान शिविर का आयोजन इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, मुंबई शाखा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय सेवाभावी ट्रस्ट, नांदेड और इस्कॉन के अन्नामृत फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। शिविर में लोकभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, राज्य रिजर्व पुलिस बल के जवानों तथा मुंबई और एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने रक्तदान किया।
इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, महाराष्ट्र राज्य शाखा के अध्यक्ष होमी खुसरोखान, एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विलास नांदवडेकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय सेवाभावी ट्रस्ट के विश्वस्त डॉ. सुमेध चव्हाण, इस्कॉन के अन्नामृत फाउंडेशन के सदस्य गोरक्ष गंभीरे, जे. जे. अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संजय सुरासे सहित चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और रेड क्रॉस सोसाइटी, मुंबई के तकनीशियन उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

