home page

युवा शक्ति जागरण यात्रा, युवा वर्ग को अराजकता फैलाने वाली शक्तियों से करेगी जागरूक : देवेंद्र फडणवीस

 | 

मुंबई, 21 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मुंबई में कहा कि युवा शक्ति जागरण यात्रा युवा वर्ग को अराजकता फैलाने वाली शक्तियों से जागरुक करेगी और उन्हें सही राह दिखाएगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस आज मुंबई में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित युवा शक्ति जागरण यात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य की 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की युवा शक्ति है। यदि इस युवाशक्ति को संगठित कर एक दिशा में आगे बढ़ाया जाए, तो युवाशक्ति जागरण यात्रा के माध्यम से महाराष्ट्र में एक बड़ा परिवर्तन संभव है। राज्य में बड़े पैमाने पर अराजकता फैलानेवाली अर्बन नक्सलवाद जैसी शक्तियां युवाओं के बीच विष फैलाने का काम कर रही हैं। युवाओं के विचारों को संविधान के विरुद्ध कलुषित करने की साजिश चल रही है। इन युवाओं को संविधान द्वारा स्थापित व्यवस्था के प्रति जागरूक करने का कार्य यह यात्रा करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र के सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर काम करने वाली संस्थाओं के साथ-साथ किसान, मजदूर और युवाओं सहित सभी वर्गों तक यह यात्रा पहुंचेगी। इन वर्गों की युवा शक्ति को राष्ट्रीय विचारों से प्रेरित करने का कार्य भी यह यात्रा करेगी। राज्य के कोने-कोने में पहुंचने से युवा मोर्चा के पदाधिकारियों में अधिक परिपक्वता आएगी और इससे भविष्य में युवा मोर्चा का स्वरूप और अधिक व्यापक होगा ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा कि युवा शक्ति जागरण यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपेक्षा के अनुरूप युवा शक्ति को महाराष्ट्र में एकजुट करने के लिए यह पहली यात्रा निकाली गई है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार जिस दृढ़ता से देश और राज्य को आगे बढ़ाने के लिए दिन-रात प्रयास कर रही हैं, उसकी जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए यह यात्रा शुरू की गई है। किसान, श्रमिक से लेकर आईटी क्षेत्र में कार्यरत हर युवा के जीवन में केंद्र और राज्य सरकार किस प्रकार प्रभावी ढंग से काम कर रही है, यह भी इस यात्रा के माध्यम से बताया जाएगा।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णराज महाडिक ने कहा कि युवा मोर्चा समाज के सभी वर्गों के युवाओं तक पहुंचे, इसके लिए न केवल राज्य बल्कि केंद्र के मंत्रीगण, पदाधिकारी और छात्र आंदोलन से जुड़े लोगों का मार्गदर्शन भी लिया जा रहा है। यह यात्रा युवावर्ग के लिए मार्गदर्शक साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव