home page

विकसित महाराष्ट्र बनाने के लिए हर पार्टी कार्यकर्ता रहे एक्टिव : रवींद्र चव्हाण

 | 

मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने सोमवार को पुणे में कहा कि महाराष्ट्र को विकसित राज्य बनाने के लिए हर पार्टी कार्यकर्ता को अधिक से अधिक समय देकर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

रविंद्र चव्हाण सोमवार को पुणे के गणेश कला क्रीड़ा मंडल में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरे महाराष्ट्र में कार्यकर्ताओं के लिए बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए हैं। सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए नए वक्ता तैयार करने पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में पिछले चुनावों में कार्यकर्ताओं की मजबूत मेहनत के चलते भाजपा को राज्यभर में बड़ी सफलता मिली। राज्य की करीब 28 हजार ग्राम पंचायतों में से 8 से 10 हजार ग्राम पंचायतों में भाजपा समर्थित सरपंच हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के करीब 1.56 लाख बूथों पर कार्यकर्ता सक्रिय और तैयार होने चाहिए। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन में कोई न कोई जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक, सांसद, मंत्री, जिला परिषद और नगर निगम के प्रतिनिधियों से लेकर ग्राम पंचायत के सरपंच, सदस्य और पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के सभी कार्यक्रमों और गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव