home page

कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए प्रेम आवश्यक : भाजपा

 | 

मुंबई, 05 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने शुक्रवार को कहा कि कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए प्रेम की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि प्रेम की वजह से भाजपा से लोग जुड़े हैं और विधान परिषद में छह सीटें सत्ता पक्ष को निर्विरोध मिल सकी हैं। उन्होंने कहा कि शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत को इस पर विचार करना चाहिए।

बन आज मुंबई में स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने साथ बनाए रखने के लिए पैसे नहीं, बल्कि प्रेम की आवश्यकता होती है। संजय राऊत और उनके पार्टी प्रमुख के पास इन्सानियात नाम की चीज ही शेष नहीं बची है, इसलिए न उनके पास कार्यकर्ता टिके, न नेता और न ही उम्मीदवार। पैसे के बल पर सब कुछ नहीं किया जा सकता, लेकिन प्रेम के बल पर दुनिया भी जीती जा सकती है। लोगों के साथ रूखा व्यवहार करना, घर के दरवाजे बंद रखना और लोगों को बाहर खड़ा रखना भाजपा-महायुति की कार्यशैली नहीं है। हम प्रेम के बल पर लोगों का दिल जीतते हैं, इसके लिए पैसे की जरूरत नहीं पड़ती।

उल्लेखनीय है कि आज संजय राऊत ने सत्तापक्ष पर डेढ़ सौ करोड़ रुपये खर्च कर विधान परिषद की छह सीटों का चुनाव निर्विरोध कराने का आरोप लगाया था। इसका जवाब देते हुए नवनाथ बन ने कहा कि भाजपा को पैसा खर्च करने की जरुरत नहीं है। उन्होंने कहा कि विधान परिषद का चुनाव आम मतदाताओं का चुनाव नहीं होता। इस चुनाव में नगरसेवक, जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति के सभापति मतदान करते हैं। महाराष्ट्र की स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव परिणामों के आंकड़े स्पष्ट हैं। भाजपा के सबसे अधिक नगरसेवक हैं।

महायुति के सबसे अधिक जिला परिषद सदस्य हैं और पंचायत समितियों के सबसे अधिक सभापति भी महायुति के हैं। इन आंकड़ों को देखते हुए महायुति की जीत शत-प्रतिशत तय थी। इसलिए आपको पहले से ही विश्वास था कि आपकी हार होनेवाली है। इसी हार के डर से महाविकास आघाड़ी ने कई स्थानों पर अपने उम्मीदवारों के नामांकन वापस ले लिए। भाजपा या महायुति को किसी प्रकार की खरीद-फरोख्त करने की कोई आवश्यकता नहीं है। हमारे पास पर्याप्त संख्या बल है , उसी के आधार पर हम विधान परिषद की सभी सीटें जीतेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव