home page

महाराष्ट्र में विकास परियोजनाओं का विरोध कर जनता को गुमराह कर रहा विपक्ष : केशव उपाध्ये

 | 

मुंबई, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष केशव उपाध्ये ने सोमवार को आरोप लगाया कि विपक्ष के बेरोजगार राजनेता महाराष्ट्र के विकास में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में जब भी कोई नई विकास परियोजना शुरू होती है, विपक्ष उसे पर्यावरण विरोधी बताकर भ्रामक जानकारी फैलाने लगता है। इससे न केवल जनता को गुमराह किया जाता है, बल्कि राज्य के विकास को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास होता है।

मुंबई स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपाध्ये ने कहा कि भीमाशंकर के पास प्रस्तावित टोरंट परियोजना से राज्य में बिजली उत्पादन बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके बावजूद विपक्षी नेता बिना किसी ठोस कारण के परियोजना का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की विकास विरोधी मानसिकता का खामियाजा महाराष्ट्र, विशेष रूप से मुंबई, पहले भी भुगत चुका है।

उपाध्ये ने कहा कि महाराष्ट्र में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। पिछले आठ-दस दिनों के दौरान राज्य में बिजली की मांग रिकॉर्ड 38 हजार मेगावाट तक पहुंच गई थी। उन्होंने इसके पीछे राज्य में तेजी से हो रहे औद्योगिकीकरण को प्रमुख कारण बताया। उनके अनुसार उद्योगों, कृषि और घरेलू उपयोग में बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए बिजली उत्पादन में भी उसी अनुपात में वृद्धि करना आवश्यक है।

भाजपा नेता ने कहा कि भीमाशंकर के आसपास प्रस्तावित टोरंट परियोजना को सभी आवश्यक अनुमतियां मिल चुकी हैं। इसके बावजूद विपक्ष इसका विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों और रोजगार सृजन की संभावनाओं को देखते हुए ऐसी परियोजनाओं का विरोध महाराष्ट्र के हित में नहीं है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव