home page

भाजपा कामगारों की समस्याओं और लंबित प्रश्नों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध : रविंद्र चव्हाण

 | 

मुंबई, 24 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने सोमवार को मुंबई में कहा कि कामगारों की समस्याओं और लंबित मामलों के समाधान के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है।

रविंद्र चव्हाण ने सोमवार को मुंबई के सहार रोड स्थित कार्गो परिसर में अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय के शुरू होने से कार्गो विभाग के कामगारों को संगठन से सीधे संपर्क के लिए स्थायी मंच उपलब्ध होगा। इसके माध्यम से कामगारों की सेवा संबंधी समस्याओं, वेतन एवं भत्तों, काम की शर्तों, रोजगार सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और अन्य औद्योगिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया और हल किया जा सकेगा।

इस अवसर पर विभिन्न कामगार संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ में शामिल हुए। राष्ट्रीय कर्मचारी सेना से जुड़े ट्रांसपोर्टरों और कर्मचारियों ने भी संगठन की सदस्यता स्वीकार की। इसके अलावा ट्रांसपोर्टरों के संगठन ऑल इन वन ओनर्स एंड ड्राइवर्स एसोसिएशन ने अखिल भारतीय कामगार कर्मचारी संघ से संबद्धता स्वीकार की।

उन्होंने कहा कि यह प्रवेश केवल सदस्य संख्या बढऩे तक सीमित नहीं है, बल्कि कार्गो विभाग के कामगारों में संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास और उसकी कार्यप्रणाली को मिल रहे व्यापक समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कामगारों की समस्याओं और लंबित प्रश्नों के समाधान के लिए संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा। इस अवसर पर महासंघ के महासचिव सुहास माटे सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कामगार उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव