पुणे में भाजपा के 100 से अधिक पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी
मुंबई, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पुणे जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने पर मंगलवार को 100 से अधिक भाजपा पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
पुणे महानगरपालिका में भाजपा के सदन नेता गणेश बिडकर ने बताया कि संबंधित पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। उनसे कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित पार्षद नोटिस का जवाब देंगे।
दरअसल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की मौजूदगी में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन सीटों के चुनाव को देखते हुए पार्टी के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें कौस्तुभ गावड़े और स्मिता जाधव के प्रचार अभियान की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, मंत्री चंद्रकांत पाटिल, माधुरी पिसल और पुणे की महापौर मंजुषा नागपुरे सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे, लेकिन इस कार्यक्रम में कुछ पार्षद कार्यक्रम में 126 में से 100 से अधिक भाजपा पार्षद शामिल नहीं हुए।
पार्टी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इन पार्षदों का लिखित उत्तर आने के बाद उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

