राहुल गांधी तीन छात्राओं की मौत पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करें: भाजपा
मुंबई, 02 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने बुधवार को मुंबई में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गढ़चिरौली जिले में सर्पदंश से हुई मौत के मामले के कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई करनी चाहिए।
नवनाथ बन आज भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी को आदिवासी छात्रों की वास्तव में चिंता है तो उन्हें गढ़चिरौली के कांग्रेस नेताओं और आश्रम स्कूल से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के गढ़चिरौली जिला अध्यक्ष और पूर्व विधायक मारोतराव कोवासे का नाम लेते हुए सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी उन्हें पार्टी से बाहर करेंगे।
बन ने राहुल गांधी की ‘छात्रों की आवाज’ से जुड़ी राजनीति पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस आदिवासी छात्रों और युवाओं के मुद्दों को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र समेत पूरा देश कांग्रेस की इस राजनीति को समझ चुका है। इसलिए इसका कोई लाभ कांग्रेस को नहीं होगा।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज नासिक के दौरे पर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

