home page

विधायक पचपुते ने एमपीएससी छात्रों के आंदोलन से ‘अर्बन नक्सली’ तैयार करने की कोशिश का लगाया आरोप

 | 

मुंबई, 29 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विक्रम पचपुते ने मंगलवार को आरोप लगाया कि एमपीएससी छात्रों के आंदोलन का राजनीतिक इस्तेमाल करने की कोशिश की जा रही है और इसके जरिए ‘अर्बन नक्सली’ तैयार करने का माहौल बनाया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक पचपुते ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का छात्रों की समस्याओं के समाधान का स्पष्ट दृष्टिकोण रहा है और आगे भी रहेगा। ऐसे में छात्रों का राजनीतिक इस्तेमाल बंद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एमपीएससी की परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से कराने के उद्देश्य से सभी परीक्षाएं आगे बढ़ाई गई हैं। उन्होंने दावा किया कि इस फैसले का छात्रों ने सकारात्मक तरीके से स्वागत किया है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री फडणवीस का आभार जताया।

पचपुते ने आरोप लगाया कि छात्रों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद आंदोलन को राजनीतिक रंग देने के लिए कांग्रेस समेत अन्य दलों का समर्थन लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने छात्रों से राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि वी. राधा समिति मुंबई में छात्रों से चर्चा कर रही है। छात्रों को अपनी शंकाएं, समस्याएं और सुझाव समिति के समक्ष रखने चाहिए। उनके अनुसार समिति की रिपोर्ट के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से कराने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव