home page

किसानों की मदद के लिए भाजपा के पालघर जिला अध्यक्ष ने जन्मदिन पर जुटाए 11 लाख रुपये

 | 
किसानों की मदद के लिए भाजपा के पालघर जिला अध्यक्ष ने जन्मदिन पर जुटाए 11 लाख रुपये


मुंबई, 26 नवंबर (हि.स.)। जन्मदिन पर उपहार और भेंट स्वीकार करने के बजाय संकटग्रस्त किसानों की मदद को प्राथमिकता देते हुए भाजपा के पालघर जिला अध्यक्ष भरत राजपूत ने सराहनीय पहल की है। महाराष्ट्र में कम बारिश के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहे किसानों की सहायता के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सहायता निधि में कुल 11 लाख रुपये का सहयोग जुटाया। इस पहल के तहत भरत राजपूत ने स्वयं 1 लाख 51 हजार रुपये का योगदान दिया, जबकि भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा की ओर से 51 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों और लोगों ने भी आर्थिक सहयोग दिया।

जानकारी के अनुसार, भरत राजपूत ने अपने जन्मदिन के अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से अपील की थी कि वे उन्हें उपहार या अन्य भेंट देने के बजाय संकट से जूझ रहे किसानों की सहायता के लिए आर्थिक योगदान करें। उनकी इस अपील का सकारात्मक असर देखने को मिला और विभिन्न लोगों ने आगे आकर किसान सहायता अभियान में सहयोग दिया।

इस अवसर पर दहानू नगर परिषद के उपाध्यक्ष जगदीश राजपूत सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा की ओर से जिला अध्यक्ष आरबी सिंह, जिला उपाध्यक्ष ललित माली और अखिल गर्ग, जिला महासचिव तुषार साबू और डीपी सिंह तथा बोईसर मंडल अध्यक्ष रवि सिंह ने 51 हजार रुपये का चेक सौंपा।

भरत राजपूत ने इस सहयोग के लिए सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों की परेशानी को देखते हुए सभी को अपनी क्षमता के अनुसार उनकी मदद के लिए आगे आना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह