home page

महाराष्ट्र की जनता ने उद्धव ठाकरे और संजय राऊत को राजनीति से खारिज कर दिया है : नवनाथ बन

 | 

मुंबई, 01 अगस्त , (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने शनिवार को कहा कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और सांसद संजय राऊत को मानसिक इलाज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे और संजय राऊत को अभिजीत दीपके में भगवान विष्णु का अवतार दिखाई देता है, जो मानसिक विकृति का संकेत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि महाराष्ट्र में उनका उपचार संभव नहीं है, तो भाजपा कार्यकर्ता चंदा इकट्ठा कर उन्हें सिंगापुर के अस्पताल में इलाज के लिए भेज देंगे।

बन आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि अभिजीत दीपके की तुलना भगवान विष्णु के अवतार से करना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर टिप्पणी करना इस बात का प्रमाण है कि संजय राऊत की राजनीतिक सोच असंतुलित हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र की जनता यह समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने उद्धव ठाकरे और संजय राऊत को राजनीति से खारिज कर दिया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बचाव करते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने जैसे ऐतिहासिक फैसले लेने वाले अमित शाह भागने वालों में नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वंदे मातरम को अनिवार्य करने वाले विधेयक का विरोध करने वाले लोग राष्ट्रहित के विरुद्ध राजनीति कर रहे हैं और इसी कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह पर अनर्गल टिप्पणियां कर रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की युवा नीति की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं के साथ संवाद करते हैं और उन्हें गलतियों से सीखते हुए आगे बढऩे का अवसर देने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी का युवाओं से रिश्ता विश्वास और मार्गदर्शन का है, जबकि संजय राऊत केवल राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी करते हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 की तरह 2029 में भी देश की युवा शक्ति और जनता के समर्थन से मोदी चौथी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता भविष्य में भी उद्धव ठाकरे गुट को सत्ता से दूर रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव