home page

12 पार्टियां बदलने वाले धंगेकर को भाजपा को नसीहत देने का अधिकार नहीं : नवनाथ बन

 | 

मुंबई, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शुक्रवार को शिवसेना नेता रविंद्र धंगेकर पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अपना राजनीतिक करियर बनाने के लिए 12 पार्टियां बदलने वाले और पुणे की जनता के लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में नकारे जा चुके धंगेकर को भाजपा को नसीहत देने का कोई अधिकार नहीं है।

बन आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि धंगेकर ने मनसे, कांग्रेस और शिवसेना सहित कई राजनीतिक दलों का रुख किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि धंगेकर को किसी भी पार्टी में कभी महत्वपूर्ण स्थान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पुणे की जनता ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में धंगेकर को घर बैठाया। इतना ही नहीं, पुणे महानगरपालिका चुनाव में उनके परिवार के दो सदस्यों की जमानत भी जब्त हुई। ऐसे में भाजपा को राजनीतिक समझदारी का पाठ पढ़ाने के बजाय उन्हें अपनी राजनीतिक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रयास है कि महायुति एकजुट और मजबूत बनी रहे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए प्रयास किए हैं। हालांकि, यदि गठबंधन के कुछ निचले स्तर के कार्यकर्ता महायुति में दरार पैदा करने और भाजपा उम्मीदवारों को हराने का प्रयास कर रहे हैं, तो इस पर सवाल उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक सामान्य भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर अपनी बात गठबंधन के नेताओं के सामने रखी है।

शिवसेना के पदाधिकारियों द्वारा सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियों को लेकर पार्टी की आधिकारिक भूमिका स्पष्ट होनी चाहिए। गठबंधन के नेताओं को इस मुद्दे पर सीधा और स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव