संजय राऊत को भगोड़े आरोपित विजय माल्या को महात्मा नहीं बनाना चाहिए : भाजपा
मुंबई, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शनिवार को शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें विजय माल्या की पैरवी कर उन्हें महात्मा बनाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
बन आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि जब पत्राचाल मामले में संजय राऊत को गिरफ्तार किया गया था, तब उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा था, 'क्या मैं विजय माल्या हूं?' लेकिन अब अपनी प्रकाशित हो रही किताब में वह विजय माल्या को महात्मा के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विजय माल्या ने बैंकों को दिवालिया किया, जबकि संजय राऊत ने पत्राचाल के मराठी लोगों को बर्बाद कर दिया। कल तक राऊत शरद पवार की पैरवी कर रहे थे, फिर राहुल गांधी की और अब विजय माल्या की पैरवी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विजय माल्या के कारण संकट में आए बैंकों के करीब 80 प्रतिशत कर्ज की वसूली के लिए काम कर रही है।
ऐसे में राऊत को अपनी किताब में एक अलग अध्याय जोडऩा चाहिए कि जिस विजय माल्या को वह अब तक खलनायक मानते थे, वह अचानक उन्हें महात्मा कैसे नजर आने लगे। उन्होंने कहा कि देश के उद्योगपति अच्छा काम कर रहे हैं और युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगपतियों को परेशान करने की कोशिशें नहीं हो रही हैं, बल्कि महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल में उद्योगपतियों के घरों के बाहर बम धमाकों की साजिश रची गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

