महाराष्ट्र उद्योग में नंबर वन : भाजपा
मुंबई, 14 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र उद्योग और निवेश के मामले में देश का नंबर वन राज्य है और राज्य में उद्योगों के पलायन को लेकर विपक्ष द्वारा बनाई जा रही नकारात्मक तस्वीर तथ्यों से परे है।
यह दावा भाजपा के राज्य मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शुक्रवार को भाजपा के राज्य कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में महाराष्ट्र में 41,525 नई कंपनियां पंजीकृत हुई हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र देश में विदेशी निवेश आकर्षित करने वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि देश में सक्रिय कंपनियों की संख्या 2015-16 में 6.78 लाख से बढक़र 2026 में 21.17 लाख हो गई है।
बन ने शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के नेता रोहित पवार पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों नेताओं द्वारा महाराष्ट्र की औद्योगिक स्थिति को लेकर नकारात्मक तस्वीर पेश की जा रही थी, लेकिन उपलब्ध आंकड़ों ने उनके दावों की पोल खोल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहते कई कंपनियां पश्चिम बंगाल और गुजरात चली गई थीं। उनके मुताबिक, उस समय उद्योग जगत के साथ पर्याप्त संवाद नहीं हुआ, जबकि वर्तमान सरकार उद्योगों के साथ लगातार बैठकें कर रही है और बड़े निवेश को महाराष्ट्र में ला रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की विकास यात्रा जारी है और राज्य उद्योग, निवेश, बुनियादी ढांचे तथा शिक्षा के क्षेत्र में देश में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रखेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

