home page

एसआईआर के विरोध पर भाजपा का विपक्ष पर हमला, बांग्लादेशी घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल कराने का लगाया आरोप

 | 

मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने बुधवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं के नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत 13 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने का दावा कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में नवनाथ बन ने एसआईआर के दौरान सामने आए आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि 6.30 करोड़ मतदाता स्थायी रूप से दूसरी जगहों पर स्थानांतरित हो चुके हैं, जबकि 2.8 करोड़ मतदाताओं की मृत्यु हो गई है। इसके अलावा, 1.2 करोड़ मतदाताओं के नाम दो स्थानों की मतदाता सूचियों में दर्ज पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि करीब 3.1 करोड़ मतदाताओं का अब तक पता नहीं चल पाया है।

बन ने कहा कि पात्र मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से दोबारा पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2002 की मतदाता सूची में नाम नहीं होने वाले बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं को दोबारा पंजीकरण की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उनके आरोप के मुताबिक, इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष निर्वाचन आयोग पर सवाल उठा रहा है और एसआईआर का विरोध कर रहा है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के मुद्दे पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि संसद परिसर के निकट स्थित इस स्थान के आसपास रिहायशी बस्तियां हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से विपक्ष को रामलीला मैदान सहित दो-तीन अन्य मैदान उपलब्ध कराए गए हैं।

बन ने आरोप लगाया कि विपक्ष निर्वाचन आयोग, उच्चतम न्यायालय और केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन कर राजनीतिक षड्यंत्र रचने की कोशिश कर रहा है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव