विपक्ष के फर्जी नैरेटिव के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार रहें भाजपा कार्यकर्ता : देवेंद्र फडणवीस
मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को पुणे में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे कथित फर्जी नैरेटिव के खिलाफ मजबूती से लड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर माओवाद से प्रेरणा लेने और देश में अराजकता फैलाने के लिए झूठी कहानियां गढऩे का आरोप लगाया।
देवेंद्र फडणवीस सोमवार को पुणे में आयोजित भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं, महाराष्ट्र को 2030 तक तीन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और राज्य के नागरिकों के सपनों को पूरा करने के लिए महायुति सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने अपने अंतिम भाषण में अराजकता के संकट को लेकर देश को आगाह किया था। उनके मुताबिक आज संविधान के नाम का इस्तेमाल कर इसी तरह की अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, अगर कोई संविधान का गलत इस्तेमाल करने की कोशिश करेगा, तो उसके हाथ जल जाएंगे।
फडणवीस ने दावा किया कि यह लड़ाई केवल भाजपा के खिलाफ नहीं बल्कि व्यापक समाज को प्रभावित करने वाली है। फडणवीस ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी द्वारा दिखाया जा रहा लाल संविधान वास्तव में संविधान के आवरण में माओवादी विचारधारा को बढ़ावा देने वाला दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि दुनिया की कुछ ताकतें भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता से चिंतित हैं और देश को रोकने के लिए अपने तौर-तरीके बदल रही हैं।
फडणवीस ने वंदे मातरम् को देशभक्ति का महत्वपूर्ण प्रतीक बताते हुए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में वंदे मातरम् को लेकर लोगों को डराया गया। महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। फडणवीस ने दावा किया कि विपक्ष ने महिला आरक्षण विधेयक को रोकने का काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 तक महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में कदम उठाएंगे।
बैठक में मंत्री आशीष शेलार, पंकजा मुंडे, गिरीश महाजन, गणेश नाइक, राधाकृष्ण विखे पाटिल, संजय सावकारे, अतुल सावे, माधुरी मिसाल, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. भारती पवार, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब पाटिल दानवे एवं सुधीर मुनगंटीवार उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

