home page

मुंबई के परिवहन अधिकारी को 'बिश्नोई गैंग' से धमकी मिली, मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई से सटे मीरा-भायंदर इलाके में परिवहन अधिकारी को गलत लोगों को लाइसेंस न देने के नाम धमकी मिली है। इस मामले की शिकायत मंगलवार को परिवहन अधिकारी प्रसाद नलावड़े ने काशी गांव पुलिस स्टेशन में दर्ज करवायी है।

मीरा रोड सब-रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस के परिवहन अधिकारी प्रसाद नलावड़े ने आज पत्रकारों को बताया कि उन्हें रविवार को एक ऐसे व्यक्ति का धमकी भरा कॉल आया, जिसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और उन्हें गलत लोगों को ऑटो-रिक्शा परमिट जारी न करने की चेतावनी दी। जब प्रसाद नलावड़े को धमकी मिली, उस समय नलावड़े बेंगलुरु में थे। मुंबई लौटने के बाद आज मंगलवार को उन्होंने शिकायत काशी गांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।

काशी गांव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल पाटिल ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत दर्ज कर ली गई है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि कॉलर ने अनिवार्य मराठी भाषा की शर्त का कोई जिक्र नहीं किया है। मामले की जांच जारी है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि इस तरह की धमकी की जांच पुलिस करेगी। उन्होंने महाराष्ट्र में ऑटो-रिक्शा चालकों के लिए मराठी भाषा जानना अनिवार्य किया है, इस अमल जारी रहेगा। साथ ही राज्य में ऑटो-रिक्शा चालकों के मराठी भाषा के ज्ञान की जांच भी जारी रहेगी। वे किसी भी तरह की धमकी के सामने नहीं झुकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव