भारत को क्रिएटिव इकॉनामी का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे की आवश्यकता : देवेंद्र फडणवीस
मुंबई, 06 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई में कहा कि भारत को क्रिएटिव इकॉनामी का वैश्विक केंद्र बनाने के विजन को साकार करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने आज गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में प्राइम फोकस के विश्वस्तरीय स्टूडियो के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार, सांस्कृतिक कार्य विभाग के सचिव डॉ. किरण कुलकर्णी, दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी की प्रबंध निदेशक स्वाति म्हसे-पाटिल तथा प्राइम फोकस समूह के अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई में विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस स्टूडियो स्थापित कर दुनिया भर की मनोरंजन और रचनात्मक उद्योगों को सेवाएं देने का प्राइम फोकस का संकल्प आज साकार हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग दिया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 'वेव्स 2025' सम्मेलन के दौरान हुए समझौता ज्ञापन के मात्र एक वर्ष के भीतर परियोजना का पहला चरण पूरा होना उल्लेखनीय उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और इतिहास में अनेक प्रेरणादायी कहानियां हैं, जिन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए आधुनिक तकनीक और मजबूत क्रिएटिव इकोसिस्टम आवश्यक है। उनके अनुसार, प्राइम फोकस की यह नई सुविधा इस दिशा में देश के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म सह-निर्माण परियोजनाओं में शामिल फिल्म 'रामायण' की शूटिंग और निर्माण का कार्य भी इसी स्टूडियो में चल रहा है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह फिल्म भारतीय रचनात्मकता का विश्वस्तरीय उदाहरण बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को अवसर देने, रोजगार के नए साधन विकसित करने और मनोरंजन उद्योग के लिए बेहतर इकोसिस्टम तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म सिटी को विश्वस्तरीय क्रिएटिव और एंटरटेनमेंट हब में विकसित करने की व्यापक पुनर्विकास योजना जल्द अंतिम रूप लेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

