home page

भंडारा में दो वाहनों की टक्कर में दो मजदूर घायल

 | 

मुंबई, 09 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में एक कार और एक दोपहिया वाहन की टक्कर में पंजाब के रहने वाले दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भंडारा जिले में तुमसर-रामटेक हाइवे पर उसर्रा गांव के पास हुई घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि घायलों की पहचान सुरजीत सिंह और तस्मिरा मेहरा के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के निवासी हैं और धान की कटाई करने वाली मशीन पर मजदूरी के लिए भंडारा जिले में आए थे।

मध्य प्रदेश के बालाघाट निवासी महिला अपनी कार से बालाघाट से नागपुर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तुमसर तालुका के उसर्रा गांव के पास उनकी कार ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोपहिया सवार दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारण हाइवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। इस मामले में अंधलगांव पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव