अंधेरी में बेस्ट बस ने छह वाहनों को मारी टक्कर, तीन घायल
मुंबई, 17 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के अंधेरी पश्चिम के गोखले ब्रिज सिग्नल पर सोमवार दोपहर में एक बेस्ट बस ने छह वाहनों को टक्कर मार दिया। इन वाहनों में चार ऑटो-रिक्शा, एक अर्टिगा कार और एक एक्टिवा स्कूटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए।
तीनों घायलों को इलाज के लिए कूपर अस्पताल इलाज के भर्ती करवाया गया है। अंधेरी पुलिस स्टेशन की टीम मामले की छानबीन कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर करीब 12 बजे एक बेस्ट बस अंधेरी बस स्टेशन (पश्चिम) से वर्सोवा बस स्टेशन की ओर जा रही थी। बस यह बस ओशिवारा डिपो की है और वेट-लीज व्यवस्था के तहत संचालित की जा रही थी। बस जैसे ही गोखले ब्रिज सिग्नल पर पहुंची ,बस चालक द्वारा हैंडब्रेक हटाए जाने के बाद बस आगे बढ़ गई और सिग्नल पर खड़े छह वाहनों से टकरा गई।
इस घटना में 55 वर्षीय ऑटो-रिक्शा चालक युनुश शेख , 30 वर्षीय पैदल यात्री मनोजकुमार बासुदेव और 20 वर्षीय एक्टिवा सवार अनीस निसार धारी घायल हो गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कूपर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अंधेरी पुलिस स्टेशन के निर्देश पर बस को आगे की कानूनी और पुलिस कार्रवाई के लिए कुमकुम चौकी पर खड़ा कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

