मानखुर्द में बेस्ट बस हादसे में एक की मौत, ७ घायल
मुंबई, 20 जुलाई (हि.स.)। मुंबई के मानखुर्द इलाके में सोमवार को एक बेस्ट बस डिवाइडर से टकरा कर हादसाग्रस्त हो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। इस घटना में सभी घायलों का इलाज गोवंडी के शताब्दी अस्पताल और घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में हो रहा है। इस घटना की छानबीन मानखुर्द पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज रूट नंबर 501 की बेस्ट बस सायन-पनवेल हाईवे पर विश्वकर्मा हॉस्पिटल के सामने रोड डिवाइडर से टकरा कर हादसाग्रस्त हो गई। इस हादसे में डिवाइडर के पास खड़े 65 साल के एक आदमी की मौत हो गई और ड्राइवर, कंडक्टर और पैसेंजर समेत कुल ८ लोग घायल हो गए। इस हादसे की खबर मिलते ही मानखुर्द पुलिस स्टेशन की टीम, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं। इन टीमों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों में बस कंडक्टर वैभव वाघमारे (41) और ड्राइवर बनवारी श्रीराम प्रसाद शर्मा (51) को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है जबकि रोड डिवाइडर के पास खड़े भास्कर रावसाहेब पांडे (65) ,शिवमंगल मैती (42), गणेश पटेल (24), लता वाघेला (43), राजेश वरुगमिना (35) और अंकिता जाधव (22) को गोवंडी के शताब्दी अस्पताल में ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने भास्कर पांडे को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य छह लोगों का इलाज अस्पताल चल रहा है। पुलिस हादसे की सही वजह का पता लगा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ऐसा लग रहा है कि बस का कंट्रोल खो गया होगा और वह डिवाइडर से टकरा गई होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

