home page

डॉ. कलाम के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री का साथ दें : कुंवर बासित अली

 | 

मुंबई, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने गुरुवार को मुंबई में कहा कि देशवासियों को विकसित भारत के निर्माण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का साथ देना चाहिए।

कुंवर बासित ने कहा कि डॉ. कलाम ने जीवन के अंतिम क्षण तक देश की प्रगति, वैज्ञानिक विकास और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए कार्य किया। उनके सपनों को साकार करने के लिए सभी को एकजुट होकर योगदान देना चाहिए। वे आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार परिषद को संबोधित कर रहे थे।

अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विकसित भारत का संकल्प डॉ. कलाम के विचारों से प्रेरित है। उन्होंने युवाओं से देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने और गुमराह करने वाली ताकतों से सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और नकली नोटों के जरिए देश की प्रगति को बाधित करने में नाकाम रहे तत्व अब युवाओं को गुमराह कर उन्हें आंदोलनों में शामिल करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी गतिविधियों के पीछे विदेशी शक्तियों का प्रभाव हो सकता है और इनका उद्देश्य विकसित भारत के संकल्प को कमजोर करना है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। देश ने हमेशा सभी धर्मों, जातियों और पंथों के लोगों को साथ लेकर चलने की परंपरा निभाई है। सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करना हमारी संस्कृति का हिस्सा है।

हालांकि, देश की एकता, अखंडता और प्रगति के खिलाफ होने वाली गतिविधियों का मुकाबला करना भी हमारी ऐतिहासिक परंपरा रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी आंदोलन या अभियान से जुडऩे से पहले तथ्यों की जांच करें और किसी के बहकावे में आने के बजाय देश के विकास, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि डॉ. अब्दुल कलाम के सपनों का भारत बनाने के लिए युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक भागीदारी बेहद जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव