home page

डिपोर्ट के बाद फिर भारत में घुसी बांग्लादेशी महिला, पुलिस ने किया गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 23 फरवरी (हि.स.)। जुहू पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला को विलेपार्ले इलाके से गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला की पहचान राबिया नासिर मुल्ला (46) के रुप में की गई है। जुहू पुलिस स्टेशन की टीम महिला से पूछताछ कर रही है।

मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि राबिया को पिछले साल मीरा भाईंदर इलाके से गिरफ्तार किया गया था। सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद राबिया को अगस्त 2025 में बांग्लादेश भेज दिया गया था, लेकिन उसे फिर से विलेपार्ले इलाके से पकड़ा गया है। महिला ने पूछताछ में बताया है कि वह जंगली इलाकों से बॉर्डर पार करके भारत में फिर से घुस आई थी।

इससे पहले जनवरी में भी दो बांग्लादेशी महिलाओं को दक्षिण मुंबई से गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें पिछले साल निर्वासित किया गया था। इनमें से ज़ुलेखा जमाल शेख (38) को गेटवे ऑफ इंडिया के पास पकड़ा गया और उसने पुलिस को बताया कि अगस्त 2025 में निर्वासित होने से पहले वह कमाठीपुरा इलाके में एक फुटपाथ पर रह रही थी। इसी तरह 30 साल की बिलकिस बेगम सिरमिया अख्तर को कफ परेड इलाके से गिरफ्तार किया गया था और उसने पुलिस को बताया कि उसे अगस्त 2025 में बांग्लादेश भेज दिया गया था, लेकिन वह गैर-कानूनी तरीके से शहर में फिर से आ गई।

मुंबई पुलिस के संयुक्त आयुक्त सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि मुंबई के सभी 93 पुलिस स्टेशनों ने अवैध प्रवासियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिशें तेज कर दी हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के नतीजे मिले हैं और 2025 में 1,000 से ज्यादा लोगों को निर्वासित किया गया है। शहर के पुलिस स्टेशनों को लगातार अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव