home page

बजाज फिनसर्व का अत्याधुनिक मुख्यालय पुणे के विकास को देगा नई दिशा : फडणवीस

 | 

मुंबई, 04 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि पुणे में बजाज फिनसर्व का प्रस्तावित अत्याधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल मुख्यालय शहर के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि पुणे को आधुनिक और तेज़ी से विकसित होने वाला शहर बनाने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे का निर्माण सरकार प्राथमिकता के आधार पर कर रही है।

मुख्यमंत्री फडणवीस आज बजाज फिनसर्व के प्रस्तावित मुख्यालय के भूमि पूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुणे और मुंबई देश के प्रमुख फिनटेक केंद्र बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि पुणे तेजी से विकसित हो रहा है और विकास की इस गति के अनुरूप शहर में बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। आउटर और इनर रिंग रोड के साथ-साथ सबवे नेटवर्क विकसित करने की योजना है। अगले तीन से चार वर्षों में पुणे को तेज और बेहतर परिवहन व्यवस्था वाला आधुनिक शहर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजाज फिनसर्व का प्रस्तावित कैंपस पुणे के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा। करीब 7.2 मिलियन वर्गफुट में विकसित होने वाला यह कैंपस लगभग 40 हजार कर्मचारियों के लिए कार्यस्थल उपलब्ध कराएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्य इमारत का निर्माण पूरा होने से पहले कैंपस को जोडऩे वाली सडक़ और अतिरिक्त पुल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बजाज समूह ने पुणे में एक आर्ट एवं कल्चरल सेंटर स्थापित करने की इच्छा भी जताई है। इस परियोजना को महानगरपालिका और अन्य संबंधित संस्थाओं के सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार ने कहा कि बजाज समूह की करीब सौ वर्ष पुरानी विरासत और आधुनिक तकनीक के प्रति दूरदर्शी सोच का संगम बजाज फिनसर्व के नए कैंपस में देखने को मिलेगा। यह कैंपस पुणे की ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को और मजबूती प्रदान करेगा।

इस अवसर पर पुणे की महापौर मंजुषा नागपुरे, बजाज फिनसर्व के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर संजीव बजाज, बजाज फिनसर्व सीएसआर की चेयरपर्सन शेफाली बजाज, बजाज फाइनेंस के वाइस चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव जैन, पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम, जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी सहित बजाज समूह के पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव