home page

रामरक्षा आंदोलन हिंदुओं को 'एसआईआर' पंजीकरण से भटकाने की साजिश: आशीष शेलार

 | 

मुंबई, 18 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री एड. आशीष शेलार ने शनिवार को मुंबई में कहा कि हिंदुओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया से दूर रखने के लिए उन्हें आंदोलन में उलझाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि रामरक्षा आंदोलन का कोई वैचारिक आधार नहीं है।

सांस्कृतिक मंत्री एड. आशीष शेलार आज पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। शेलार ने कहा कि एक ओर रामरक्षा आंदोलन के बहाने हिंदुओं को भटकाया जा रहा है और दूसरी ओर एक विशेष वर्ग को एसआईआर में पंजीकरण कराने की खुली छूट दी जा रही है। यह आंदोलन हिंदू समाज की पीड़ा के लिए नहीं, बल्कि हिंदू मतों के आधार पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है।

आशीष शेलार ने सवाल उठाया कि क्या उद्धव ठाकरे उन लोगों को खुश करने के लिए यह आंदोलन कर रहे हैं जो हिंदुओं और रामभक्तों की भावनाओं को बदनाम करना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे राम मंदिर निर्माण, हिंदुओं की जागृती और राम मंदिर से जुड़ी आस्था का सम्मान करनेवाले नागरिकों के साथ खड़े नहीं हैं, बल्कि एक विशेष वर्ग की तुष्टिकरण की राजनीति कर उसके वोट हासिल करने के उद्देश्य से इस प्रकार की गतिविधियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर उद्धव ठाकरे रामनाम और रामरक्षा की बात करते हैं, लेकिन भगवान श्रीराम ने सत्ता का त्याग कर अपने भाई को राज्य सौंपने का आदर्श प्रस्तुत किया था। यदि दो भाइयों की तुलना की जाए, तो भगवान श्रीराम के आदर्श को ध्यान में रखते हुए उद्धव ठाकरे ने अपनी पार्टी में सत्ता और नेतृत्व के प्रश्न पर राज ठाकरे के साथ कैसा व्यवहार किया, यह बताने की आवश्यकता नहीं है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव