home page

छत्रपति संभाजीनगर में अवैध हथियारों की तस्करी गिरोह के 8 आरोपित गिरफ्तार , 7 पिस्टल और 20 कारतूस बरामद

 | 

मुंबई, 26 अक्टूबर (हि.स.)। छत्रपति संभाजीनगर जिले में सिडको पुलिस स्टेशन की टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आंठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से सात पिस्तौल और 20 कारतूस जब्त किए हंै। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।

इस मामले की छानबीन कर रहे वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अतुल येरमाये ने सोमवार को बताया कि डेढ़ महीने पहले एक पिस्तौल सहित एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया था। आरोपित से पूछताछ के बाद सिडको पुलिस स्टेशन की टीम ने शिवा सुरे (25), सुमीत विस्पुते (25), सत्यम चाटे (23), अर्जुन लिंगायत (20), श्रीकांत शिखर (24) और विशाल भोसले (24) को गिरफ्तार किया और चार पिस्तौल और नौ कारतूस जब्त किए । इन सभी आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शुभम धर्मराज वाल्के (26) और कृष्णा विष्णु अधाने (29) को गिरफ्तार किया है। शुभम मिनरल वाटर की बोतलें बनाने का कारोबार करता है, जबकि कृष्णा कपड़े की दुकान चलाता है। अब तक की छानबीन में पता चला कि आरोपित सत्यम चाटे मध्यप्रदेश से पिस्तौल से खरीद कर संभाजी नगर में बेचता था। पुलिस अब सत्यम चाटे के बैंक खातों में हुए लेन-देन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और व्हाट्सऐप चैट की फॉरेंसिक जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि आरोपियों ने शहर और ग्रामीण इलाकों में अन्य किन लोगों को हथियार और कारतूस बेचे। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि इस नेटवर्क में कुछ अन्य युवा और कारोबारी भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में जांच अभी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव