शिवसेना यूबीटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे शिंदे समूह की शिवसेना में शामिल
मुंबई, 16 अक्टूबर (हि.स.)। शिवसेना यूबीटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे शुक्रवार को ठाणे में आयोजित सादे समारोह में शिंदे समूह की शिवसेना में शामिल हो गए। शिंदे समूह की शिवसेना में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आनंद दूबे का स्वागत किया और कहा कि दूबे को पार्टी में सम्मान दिया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उन्होंने आनंद दुबे को पिछले कई वर्षों से शिवसेना के नेता के तौर पर काम करते देखा है। राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का पक्ष रखने वाले दुबे अब शिवसेना के साथ आए हैं। शिंदे ने कहा कि दुबे पार्टी की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं और राहुल कनाल भी लगातार उनके संपर्क में थे। शिंदे ने कहा, शिवसेना कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां कोई मालिक नहीं है, बल्कि हर कोई एक कार्यकर्ता की तरह काम करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आनंद दुबे और उनकी टीम उत्तर प्रदेश में शिवसेना के विस्तार के लिए सक्रिय रूप से काम करेगी।
एकनाथ शिंदे ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि ढाई साल के दौरान महाराष्ट्र में कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की गईं और बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से राज्य को विकास और प्रगति की दिशा में आगे ले जाने का प्रयास किया गया। शिंदे ने उम्मीद जताई कि आनंद दुबे और उनके समर्थकों के जुडऩे से उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को गति मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

